लेडी डॉन शालिनी सिंह ने दी पुजारी को छेड़छाड़ की सजा,जानिए

लेडी डॉन शालिनी सिंह ने दी पुजारी को छेड़छाड़ की सजा,जानिए

जबलपुर में लेडी डॉन शालिनी सिंह और उसके गुर्गों ने पुजारी को बेरहमी से मारने-पीटने का वीडियो सामने आया है। मामले में एसपी के निर्देश पर तिलवारा पुलिस ने जांच की तो पुजारी की भी एक करतूत सामने आ गई। पता चला कि पुजारी ने मारपीट से एक दिन पहले 8 वर्षीय बालिका के साथ छेड़छाड़ की थी। आरोपी गलत नीयत से पैसों का लालच देकर मासूम को बुला रहा था। पुलिस ने दोनों प्रकरणों में एफआईआर दर्ज करते हुए पुजारी और उससे मारपीट करने वाली दोनों महिलाओं सहित उनके गुर्गों को गिरफ्तार कर लिया है।

सोशल मीडिया पर मारपीट का वीडियो वायरल हो रहा था
एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा के मुताबिक सोशल मीडिया पर मारपीट का वीडियो वायरल हो रहा था। इसमें दो महिला और कुछ लोग एक व्यक्ति को लात-घूसों से मारपीट रहे थे। उसके प्राइवेट पार्ट को भी आरोपी निशाना बना रहे थे। एसपी के निर्देश पर इसकी जांच की गई तो पता चला कि मारपीट का ये वीडियो 17 अक्टूबर की शाम की गढ़ा रेलवे स्टेशन स्थित दुर्गा मंदिर के पास की है। वीडियो में पिट रहा इसी मंदिर का पुजारी व चरगवां क्षेत्र के नुनपुर गांव निवासी मनमोहन दुबे (51) है।

वायरल वीडियो के पीड़ित तक पहुंची पुलिस, तब हुआ खुलासा
तिलवारा टीआई राहुल सैयाम और धनवंतरी नगर चौकी प्रभारी सत्यनारायण कुशवाहा ने पुजारी से संपर्क किया तो उसने पूरी घटना के बारे में बताया। कहा कि वह जोधपुर पड़ाव में अंगद आश्रम मंदिर में सावन महीने से पूजा कर रहा था और रामायण पढ़ता था। रामायण बंद होने पर उसने पता लगाया तो मालुम चला कि रेलवे स्टेशन गढ़ा स्थित दुर्गा मंदिर में पुजारी नहीं है। तब वह मंदिर गया। शाम को वहां उसकी विजय नगर निवासी शालिनी सिंह से बात हुई। उन्होंने सुंदरकांड सुना और मंदिर की चाबी दे दी। दूसरे दिन वह मंदिर में अपना सामान लेकर आ गया। तब से नित नियम से पूजा करने लगा। नवरात्र के बाद उसने 16 को मंदिर में विशाल भंडारा किया था।
17 अक्टूबर को की गई मारपीट
पुजारी मनमोहन दुबे ने बताया कि 17 अक्टूबर को वह गढ़ा बाजार से मंदिर लौट रहा था। रास्ते में उसे शोभित और वृंदावन ढाबा में रहने वाला रामकुमार यादव मिले। दोनों उसे मंदिर लेकर गए। वहां थोड़ी देर में शालिनी सिंह, अपने साथ चांदनी यादव, सुनील बर्मन के साथ पहुंची। उसने नवरात्र में चढ़ावे के पैसे मांगने लगी। उसने भंडारे में पैसे खर्च होने की बात कही तो सभी नाराज हो गए। सभी उस पर झूठा आरोप लगाते हुए घसीट कर मारा पीटा और वीडियो बनाकर वायरल कर दिया।

सुनील बर्मन को गिरफ्तार कर लिया
डर की वजह से उसने तब शिकायत नहीं की थी। मनमोहन की शिकायत पर तिलवारा पुलिस ने पांचों के खिलाफ मारपीट, बलवा, धमकी देने के प्रकरण में मामला दर्ज करते हुए यादव कॉलोनी निवासी शालिनी सिंह, हिनौता बरगी निवासी रामकुमार उर्फ रामकिशोर यादव, उसकी पत्नी चांदनी यादव और बाजनामठ तिलवारा निवासी सुनील बर्मन को गिरफ्तार कर लिया। प्रकरण में शोभित श्रीवास्तव की तलाश जारी है।

एक साल पहले शालिनी सिंह के घर हुआ था जुआ रेड

आरोपी शालिनी सिंह के खिलाफ मदनमहल थाने में कई केस दर्ज हैं। वह जुआ खिलवाने के साथ ही शराब भी बिकवाती है। एक साल पहले उसके कमला नेहरू नगर चौबे डेयरी स्थित घर के पास दबिश दी थी। तब उसके यहां से 13 जुआरी और 3 लाख रुपए जब्त हुए थे। वह हर जुआरी से 300 रुपए एंट्री फीस लेती थी। वह कमरे में जुआरियों को बंद कर बाहर से ताला लगा देती थी। खुद कुर्सी डालकर बाहर बैठ जाती थी।

पुजारी के खिलाफ छेड़छाड़ व पॉक्सो एक्ट का प्रकरण दर्ज
तिलवारा थाने में 30 वर्षीय महिला ने पुजारी मनमोहन दुबे के खिलाफ एक शिकायत दर्ज कराई है। बताया कि 16 अक्टूबर को दुर्गा मंदिर में भंडारा था। उसकी 8 वर्षीय बेटी मंदिर के पास खेल रही थी। पुजारी मनमोहन पंडित ने उसकी बेटी का हाथ बुरी नीयत से पकड़ कर कहने लगा कि चलो उसे पैसा देगा। इस पर उसकी बेटी हाथ छुड़ाकर वहां से भागी और घर आकर इसके बारे में बताया। बदनामी की वजह से उसने किसी से इसके बारे में कुछ नहीं बताया था। तिलवारा पुलिस ने पुजारी के खिलाफ छेड़छाड़ और पॉक्सो एक्ट का प्रकरण दर्ज करते हुए मनमोहन दुबे को गिरफ्तार कर लिया।

Post a Comment

Previous Post Next Post

Tech