रेप के आरोप में जेल गया पति, राजीनामा करने गई पत्नी से गैंगरेप; पेट्रोल डालकर आग लगा दी


मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में एक महिला के साथ हैवानियत की घटना सामने आई है। पति पर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली महिला के घर समझौते के लिए गई महिला के साथ तीन लोगों ने गैंगरेप की घटना को अंजाम दिया। उसके बाद आरोपियों ने पीड़िता के ऊपर पेट्रोल डालकर उसे जला दिया। महिला 80 प्रतिशत से ज्यादा झुलस गई है। उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसे ग्वालियर रेफर कर दिया गया।


यह मामला मुरैना जिले के अंबा थाना इलाके के चांदपुर गांव की है। अंबा थाना प्रभारी आलोक परिहार ने बताया कि पीड़ित महिला पति पर रेप का आरोप लगाने वाली महिला से राजीनामा की बात करने चांदपुर गई थी। इसी दौरान तीन लोगों ने उसे पकड़ लिया और उसके साथ गैंगरेप किया। जब वह महिला भागने लगी तो दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली महिला समेत अन्य लोगों ने उसपर पेट्रोल डालकर जला दिया।

बताया जा रहा है पीड़ित महिला ने बयान में बताया है कि उसके पति पर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली महिला समेत उसकी चाची और बाबा ने आग लगा दी। दरअसल, जनवरी में महिला के पति पर दुष्कर्म का केस दर्ज हुआ था। वह जेल में था और हाल में ही छूटकर आया है। पीड़ित महिला की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। जानकारी मिलने के बाद पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

इस पूरे मामले पर एसपी अरविंद ठाकुर ने बताया कि मूल रूप से यह कहानी सामने आई है कि जो महिला जली है उसका पति 376 के केस में जेल गया था। कुछ दिन पहले ही वह जेल से रिहा हुआ है। इससे यह सामने आ रहा है कि दोनों परिवारों के बीच विवाद चला आ रहा है। किसी कारणवश वह मिलने उनके घर गई। और वहां किस तरह से विवाद की स्थिति हुई। वहां यह आगजनी की घटना हुई है। पुलिस जब मौके पर पहुंची है तो ऐसे कुछ साक्ष्य नहीं मिले हैं कि जो मिट्टी का तेल डाला हो या वहां कोई बोतल पड़ी हो या फिर कुछ साक्ष्य मिले हो। मौके पर केवल एक लाइटर पड़ा मिला है। ऐसा लगता है कि पहले तेल कहीं और डाला गया और यहां आकर आग लगाई गई हो। इन सारे बिंदुओं पर जांच की जा रही है। महिला रेफर होकर मुरैना अस्पताल में आई हुई थी उसके बाद उसे ग्वालियर अस्पताल में भेज दिया गया है। ऐसी स्थिति में उसके बयान ले लिए गए हैं बयानों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। दोनों परिवार आपस में दूर के रिश्तेदार हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post

Tech