
कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भारत जोड़ो न्याय यात्रा को लेकर बुलंदशहर से अलीगढ़ के लिए निकले थे, इसी दौरान राहुल व प्रियंका ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ मुलाकात की। कांग्रेस पार्टी के बुलंदशहर जिला अध्यक्ष राकेश भाटी ने बताया कि यहां कार्यकर्ताओं से मुलाकात करने और सभी की बात सुनने के बाद खुली जीप में सवार होकर राहुल व प्रियंका पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ पंडावल से अलीगढ़ के लिए रवाना हुए। यहां बतलाते चलें कि संभल से गंगा का पुल पार कर 24 फरवरी की रात उन्होंने जनपद बुलंदशहर के अनूपशहर विधानसभा क्षेत्र से प्रवेश किया था इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने पांच क्विंटल फूलों की पुष्प वर्षा कर उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। इसके बाद शिकारपुर विधानसभा क्षेत्र के पंड्रावल नामक स्थान पर यात्रा ने रात्रि विश्राम किया और आज रविवार सुबह अलीगढ़ के लिए रवाना हो गई। इस दौरान ग्रामीण इलाकों से गुजर रही भारत जोड़ो न्याय यात्रा का जगह-जगह स्वागत किया गया। राहुल और प्रियंका को अपने बीच पाकर पार्टी कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।
Tags
politics