MP News : महिलाओं को जिंदा दफनाने की कोशिश, रीवा में जंगलराज की झलक


मध्यप्रदेश/रीवा : विवादित जमीन पर सड़क बनाने का विरोध कर रही देवरानी-जेठानी को दिनदहाड़े जिंदा गाड़ने की कोशिश की गई। शनिवार को मनगवां थाना क्षेत्र के कोठार में गोकरण पांडेय सड़क बनवाने के लिए मुरम गिरवा रहा था। इस पर आशा पति सुरेश पांडेय अपनी देवरानी ममता पति जीवेश के साथ मौके पर पहुंचीं। दोनों ने हाइवा चालक से खेत में मुरम न गिराने को कहा। दोनों महिलाएं हाइवा के पीछे जाकर बैठ गई। इसी बीच ड्राइवर ने मुरम दोनों महिलाओं पर पलट दी। इससे दोनों मुरम में दब गई। आरोप है कि इनको जिंदा दफनाने की कोशिश की गई। मौके पर पहुंचे परिवार और गांव वालों ने दोनों को निकालकर अस्पताल भेजा। 

दोनों पक्षों में लंबे समय से जमीन विवाद चल रहा है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 110 (हत्या का प्रयास) का अपराध दर्ज किया है। पहले हाइवा ड्राइवर प्रदीप कोल के विरुद्ध केस हुआ था। अब महिलाओं के ससुर गोकरण पांडेय और देवर विपिन को भी आरोपी बनाया गया है। दोनों चाचा-भतीजे हैं। पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह ने बताया कि घटना वीडियो सामने आया है। आरोपी विपिन पांडेय को गिरफ्तार कर लिया गया है और दो आरोपी फरार हैं। वहीं रीवा कलेक्टर प्रतिभा पाल ने बताया कि आशा पांडेय का रिश्ते में लगने वाले ससुर गोकरण पांडेय से जमीन पर रास्ते को लेकर पारिवारिक विवाद है। मामला कोर्ट में है। गौकरण इसी जमीन पर रास्ता बनाने के लिए मुरम गिरवा रहा था।

Post a Comment

Previous Post Next Post

Tech