
खुशी टाइम्स\बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में एक शादी समारोह उस समय हंगामे में बदल गया, जब नशे में धुत दूल्हे ने दुल्हन की जगह अपने दोस्त के गले में जयमाला डाल दी। यही नहीं, दूल्हे ने दहेज की मांग करते हुए अपनी मनपसंद लड़की से शादी करने की जिद पकड़ ली। इस पर नाराज दुल्हन ने शादी से साफ इनकार कर दिया। दुल्हन के पिता ने यूपी-112 पर कॉल कर पुलिस को बुला लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दूल्हे को हिरासत में लेकर दहेज का मुकदमा दर्ज कर लिया। इस घटना के बाद बिना दुल्हन के बारात वापस लौट गई।
घटना की जानकारी विस्तार से
बरेली के क्योलड़िया थाना क्षेत्र के एक गांव में शनिवार रात यह मामला सामने आया। यहां की एक युवती की शादी पीलीभीत जिले के बरखेड़ा थाना क्षेत्र के गजरया गांव निवासी रविंद्र कुमार से तय हुई थी। बारात धूमधाम से आई और मैरिज लॉन में सभी रस्में हो रही थीं। इसी बीच नशे में धुत दूल्हे ने ऐसी हरकत कर दी, जिससे शादी का माहौल खराब हो गया। जयमाला की रस्म के दौरान दुल्हन ने दूल्हे को माला पहनाई, लेकिन नशे में धुत दूल्हे ने दुल्हन को छोड़ अपने दोस्त को माला पहनाने की कोशिश की। यह देखकर वहां मौजूद सभी लोग हैरान रह गए। जब दुल्हन को यह सब समझ आया तो उसने तुरंत शादी से इनकार कर दिया। इस पर दूल्हे ने और बदतमीजी करते हुए अतिरिक्त दहेज की मांग रख दी और अपनी मनचाही दुल्हन से शादी करने की बात कह डाली। यह सुनकर दुल्हन और उसके परिवार वाले भड़क गए और उन्होंने दूल्हे को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ा रहा।घटना के बाद घरातियों और बारातियों के बीच विवाद हो गया। नाराज घरातियों ने दूल्हे और उसके परिवार वालों को खरी-खोटी सुनाई, जिससे मामला और बिगड़ गया। दुल्हन के पिता ने तत्काल यूपी-112 पर फोन कर पुलिस बुला ली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को काबू में किया और दूल्हे व उसके पिता को हिरासत में ले लिया। दुल्हन के पिता ने शादी में हुए खर्च की भरपाई की मांग करते हुए थाने में तहरीर दी। पुलिस ने दूल्हे और उसके पिता के खिलाफ दहेज अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। शादी टूटने के बाद घरातियों ने बारातियों को बाहर निकाल दिया। हंगामा बढ़ता देख बाराती भी चुपचाप वहां से खिसक लिए। दुल्हन ने अपने फैसले पर अडिग रहते हुए शादी से साफ इनकार कर दिया। इस घटना की चर्चा पूरे गांव में हो रही है, और लोग दुल्हन के इस साहसी कदम की जमकर तारीफ कर रहे हैं। वहीं, पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
@Rehman
और भी खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े
हमारे ग्रुप से जुड़े
हमारे यूटूब चैनल से जुड़े
हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करे
https://www.facebook.com/profile.php?id=100069851200174
Tags
Bareilly